
शिमला। राजधानी में पीने के पानी की अघोषित राशनिंग हो गई है। बिजली कंपनी और आईपीएच की खिंचतान का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। रविवार को चौड़ा मैदान जोन में शाम के समय पानी की सप्लाई नहीं हुई है। जबकि सोमवार सुबह छोटा शिमला और संजौली में कट लगाया गया। बताया जा रहा है कि लो वोल्टेज के चलते गिरि और गुम्मा पेयजल योजना में पानी की पंपिंग प्रभावित हो रही है। रात साढ़े दस बजे से लेकर सुबह पांच बजे तक पेयजल योजनाओं को पर्याप्त सप्लाई नहीं मिल पा रही है। लेकिन बिजली कंपनी और आईपीएच दोनों ही इसकी जिम्मेवारी लेने को तैयार नहीं है। बिजली कंपनी का कहना है कि दस सं पंद्रह मिनट की ट्रिपिंग रात को होती है। पूरी रात सप्लाई दुरुस्त रहती है। आईपीएच का कहना है कि लो वोल्टेज से पंप चल नहीं पा रहे हैं। उधर, नगर निगम सप्लाई नहीं मिलने का तर्क देते हुए मामले से स्वयं को अंजान बता रहा है।
छोटा शिमला, संजौली में नहीं आया पानी
शिमला। सोमवार को छोटा शिमला, ब्राकहास्ट, निगम विहार, खलीणी, अपर खलीणी, लोअर खलीणी, वीरखाना, डालटन, ऐरा होम कसुम्पटी, पेट्रोल पंप एरिया विकासनगर, नॉलजवुड, साधना घाटी और संजौली जोन के तहत इंद्रनगर, समिट्री, अप्पर समिट्री व चलौंठी में सुबह पानी सप्लाई नहीं आई। रविवार रात को बिजली की लो वोल्टेज के चलते गिरि और गुम्मा में पानी की पंपिंग प्रभावित हुई है। जबकि अश्वनी पेयजल योजना में गाद आने की सूचना है।
नहीं मिली पानी की पर्याप्त सप्लाई
नगर निगम अभियंता विजय गुप्ता ने बताया पर्याप्त सप्लाई नहीं मिलने के चलते सुबह के समय कुछ क्षेत्रों में सप्लाई नहीं दी जा सकी है। मंगलवार को इन क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सप्लाई दी जाएगी।
लो वोल्टेज से प्रभावित हुई पंपिंग
आईपीएच के अधिशासी अभियंता प्रीत मोहिंद्र सिंह ने कहा है कि बिजली की कम वोल्टेज से गिरि और गुम्मा पेयजल योजना में सही से पानी की पंपिंग नहीं हो सकी। अश्वनी में गाद से समस्या बढ़ी है।
सुचारु दे रहे बिजली की सप्लाई
बिजली कंपनी के अधीक्षण अभियंता सीके चतुर्वेदी का कहना है कि सप्लाई सुचारु तौर पर दी जा रही है। रात को जतोग के बजाए कोटला से सप्लाई हो रही है। लो वोल्टेज की कोई समस्या नहीं है।
पानी के टैंकर के लिए 2658916 पर करें संपर्क
पानी का टैंकर प्राप्त करने के लिए नगर निगम से संपर्क किया जा सकता है। रिज मैदान स्थित टैंक से पानी भर कर टैंकर से सप्लाई दी जाती है। सुबह 10 से शाम 5 बजे के बीच 0177-2658916 पर कॉल कर पानी के टैंकर की डिमांड की जा सकती है।
