
शिमला : भारत सरकार के युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय की ओर से हिमाचल प्रदेश को वर्ष 2011-12 में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। प्रदेश का पुरस्कार के लिए चयन बीते 3 वर्षों के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत आयोजित की गई गतिविधियों का अवलोकन कर किया गया है।
यह पुरस्कार राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी द्वारा 19 नवम्बर को राष्ट्रपति भवन में दिया जाएगा। प्रदेश शिक्षा विभाग की ओर से उच्च शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी इस पुरस्कार को प्राप्त करेंगे। समन्वयक एनएसएस शिक्षा निदेशालय दलीप ठाकुर, कार्यक्रम अधिकारी एनएसएस (उत्कृष्ट सेवाएं) अजय वशिष्ठ, सलाहकार समिति सदस्य एनएसएस (उत्कृष्ट सेवाएं) नरेंद्र कुमार शर्मा और वरिष्ठ सहायक शिक्षा निदेशालय सुरेंद्र तेगवान भी पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान मौजूद रहेंगे।
एनएसएस के समन्वयक दलीप ठाकुर ने पुरस्कार की पुष्टि करते हुए इसके लिए सभी प्रधानाचार्यों, कार्यक्रम अधिकारियों और राष्ट्रीय सेवा से जुड़े स्वयंसेवकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इनकी वजह से चयनित गांव, स्लम एरिया और स्कूलों में राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियां सुचारू ढंग से चल रही हैं और नई उपलब्धियां प्राप्त हो रही हैं। ठाकुर ने आशा व्यक्त की कि यह पुरस्कार राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों को और आगे बढ़ाने में प्रेरणा का स्रोत साबित होगा। दलीप ठाकुर ने इस पुरस्कार का श्रेय प्रधान सचिव युवा सेवाएं एवं खेल विभाग वीसी फारका, शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी और समन्वयक सचिवालय विजय झींगटा को दिया है।
