बंदूक की जांच करते चली गोली, प्रधान की मौत

पीपलकोटी (चमोली)। दशोली ब्लॉक के किरुली गांव में शनिवार देर रात बंदूक की जांच-परख के दौरान अचानक गोली चल जाने से ग्राम प्रधान की मौत हो गई। पुलिस ने रात को ही शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में एक ग्रामीण को बंदूक सहित गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को किरुली गांव में ग्राम पंचायत की खुली बैठक होनी थी। इसकी तैयारी और चर्चा को शनिवार रात ग्राम प्रधान सब्बल सिंह बिष्ट (43) ने अपने घर पर बैठक बुलाई थी। ग्राम विकास अधिकारी मदन कोहली, ग्रामीण प्रकाश चंद्र और रणजीत बिष्ट आदि बैठक में पहुंचे। चर्चा शुरू हुई। काश्तकारों को जंगली सुुअरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए हवाई फायरिंग कर सुअरों को भगाने की योजना बनाई गई। इसके लिए एक पूर्व सैनिक की बंदूक को इस्तेमाल में लाए जाने की बात तय हुई।
बताया जाता है कि बैठक के दौरान ही ग्रामीण प्रकाश चंद्र बंदूक की जांच परख करने लगा तो अचानक गोली चल गई। गोली सामने बैठे ग्राम प्रधान सब्बल सिंह बिष्ट के माथे को चीरकर सिर के पार हो गई। प्रधान की मौके पर ही मौत हो गई। गांव में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस चमोली मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रकाश चंद्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और प्रयोग में लाई गई बंदूक भी कब्जे में ले ली। पुलिस उपाधीक्षक मुन्ना लाल चौहान ने बताया कि मामले की जांच इंस्पेक्टर वीके शर्मा को सौंपी गई है। घटना को लेकर जो भी बिंदु सामने आए हैं, उन सभी की जांच की जाएगी।

Related posts