विधायक ने दी 18 से विधानसभा में धरने की चेतावनी

घनसाली (टिहरी)। विधायक भीमलाल आर्य ने सरकार पर अपने विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पृथक बाल गंगा विकास खंड, बाल गंगा तहसील तथा घनसाली को जिला बनाने का प्रस्ताव सरकार ठंडे बस्ते में डाल रही है। 44 सूत्रीय मांगों को लेकर विधायक ने 18 सितंबर से विधानसभा में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी।
यहां जारी बयान में विधायक आर्य ने कहा कि पूरे टिहरी जिले की समस्या डैम टॉप से जन सामान्य का आवागमन होना है। विधानसभा में वे पांच बार इस प्रश्न को उठा चुके हैं मगर सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। पिछले दिनों जब वह असेना में धरने पर बैठे थे तो जिला प्रशासन ने उन्हें लिखित में बताया था कि भौतोगीखाल से डैम टॉप वाली पुरानी सड़क को निष्प्रयोजित घोषित करने के लिए रिपोर्ट सरकार को भेज दी गई है। यहां से वाहनों का आवागमन शुरू करने को लेकर केंद्र सरकार को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। सीमांत गांव पिंस्वाण, थाती, कठूड, गेंवाली, थाती, गंगी का विकास बिना सड़क निर्माण के संभव नहीं है।

Related posts