
नई दिल्ली। उत्तर पूर्वी जिला के करावल नगर में शनिवार देर रात दो बदमाशों ने घर में घुसकर एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के समय युवक घर में सो रहा था। युवक के पिता ने बहू पर दोस्तों की मदद से हत्या करवाने का आरोप लगाया है। पुलिस पत्नी सहित कई और से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिकअशोक (40) सपरिवार डी-ब्लॉक मुकुंद विहार में रहता था। परिवार में पत्नी सोनू (35) के अलावा तीन बच्चे अभिषेक (12), अजय (9) और कृष्णा (5) है। अशोक कॉस्मेटिक्ससामान की सप्लाई का काम करता था। शनिवार रात अशोक अपने कमरे में फर्श पर सोया हुआ था। जबकि बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे किसी ने घर का दरवाजा खटखटाया। अशोक की पत्नी ने दरवाजा खोला। दरवाजा खोलते ही दो युवक अंदर घुसे जिसमें से एक ने सो रहे अशोक के सीने में गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। अशोक को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पंचाल विहार करावल नगर में रहने वाले अशोक के पिता शिवचरण ने अपनी बहू पर ही हत्या करवाने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि उसकी बहू ने घटना की जानकारी देर से दी। वहीं अशोक के भाई सुनील ने आरोप लगाया कि सोनू ने अपने दोस्तों के जरिए अशोक की हत्या करवाई है। पिता और भाई के आरोपों के बाद पुलिस सोनू और उसके दो परिचितों से पूछताछ कर रही है।
