
नई दिल्ली। बिजली बिल नहीं चुकाने पर आम आदमी पार्टी की नेत्री और आरकेपुरम विधानसभा से उम्मीदवार शाजिया इल्मी के घर का बिजली कनेक्शन काट दिया गया है। कंपनी के कर्मचारी बिजली मीटर भी साथ ले गए हैं। सीआर पार्क पुलिस की मौजूदगी में बिजली वितरण कंपनी बीएसईएस ने कनेक्शन काटा।
पार्टी का कहना कि मार्च में पार्टी की ओर से बिजली-पानी के बढ़े बिल को नहीं चुकाने के लिए सत्याग्रह चलाया गया था। उसी आंदोलन के तहत पिछले कुछ महीने से शाजिया ने भी बिल नहीं जमा किया। इस बारे में शाजिया इल्मी का कहना है कि कार्रवाई के बाद भी बढ़े बिजली बिल का विरोध जारी रहेगा। आम आदमी पार्टी ने कहा है कि यह शर्म की बात है कि सत्ता और विपक्ष में बैठे नेताओं के घरों का लाखों रुपये बिजली बिल बकाया है, लेकिन उनके घरों का न तो बिजली कनेक्शन काटा गया और न ही किसी तरह की कार्रवाई की जाती है, जबकि शाजिमा का 58,000 रुपये बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया गया। उधर बीएसईएस के प्रवक्ता का कहना है कि अगर कोई बिजली उपभोक्ता बिल का भुगतान नहीं करता है तो उसे एक नोटिस भेजा जाता है, जिसमें स्पष्ट किया जाता है कि बिल का भुगतान नहीं करने पर 15 दिनों में बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसके बावजूद भुगतान नहीं किया जाता है तब कनेक्शन काटा जाता है। इस मामले में भी ऐसा ही हुआ है।
