सिरफिरे प्रेमी ने युवती के माता-पिता पर किया जानलेवा हमला

नई दिल्ली। अशोक नगर इलाके में रविवार सुबह एक सिरफिरे प्रेमी ने घर में घुसकर प्रेमिका के माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने प्रेमिका के पिता को गोली मार दी। उसकी मां के सिर पर डंडे से कई वार किए और प्रेमिका व उसकी बहन पर गोली चलाकर मारने का प्रयास किया। युवती के माता-पिता को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित परिवार शनिवार शाम को अशोक नगर स्थित एक मकान में शिफ्ट हुआ था। परिवार के मुताबिक युवती कुछ साल पहले गोल मार्केट के स्कूल में पढ़ती थी। वहां संगम विहार निवासी पुष्पेंद्र नामक युवक से दोस्ती हुई। कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद हो गया जिसके बाद पुष्पेंद्र ने परिवार को परेशान करना शुरू कर दिया। पुष्पेंद्र के परेशान करने की वजह से दो बार मकान बदल चुका था। वह युवती से शादी करता चाहता था। जबकि युवती और उसके माता-पिता इसके खिलाफ थे। रविवार सुबह करीब 8.30 बजे पुष्पेंद्र जबरन उनके घर में दाखिल हुआ। परिजनों के विरोध करने पर उसने बैग से तमंचा निकाल कर युवती के पिता के पेट में गोली मार दी और मां के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। यह देखकर युवती ने अपनी छोटी बहन के साथ खुद को एक कमरे में कैद कर लिया। आरोपी ने खिड़की से दोनों बहनों पर गोली चलाकर उन्हें मारने का प्रयास किया। शोर-शराबा सुनकर बिल्डिंग के चौकीदार ने दरवाजा बंद कर दिया मगर आरोपी पड़ोसी की छत से कूदकर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक संगम विहार का रहने वाला पुष्पेंद्र आगरा से बीएससी कर रहा है। उसके पिता और भाई स्कूल में अध्यापक हैं। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।

सदमें में हैं दोनों बहनें
पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद से दोनों बहनें बुरी तरह सदमे में हैं। वह कुछ बोल भी नहीं पा रही हैं। परिवार के अन्य लोग उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल कायम हो गया है। आस-पास के लोगों ने बताया कि युवा बेहद आसानी से हथियार हासिल कर ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं मगर पुलिस इस ओर ध्यान नहीं देती।

बदनामी के डर से नहीं की शिकायत
सिरफिरा प्रेमी आते-जाते युवती को परेशान करता था। युवती के माता-पिता ने पुष्पेंद्र को समझाने का प्रयास किया था। परिवार के मुताबिक बदनामी के डर से उन्होंने कभी पुलिस से इसकी शिकायत नहीं दी। परिवार ने खुद ही कभी मकान तो कभी मोबाइल नंबर बदलकर उससे बचने का प्रयास में जुटा था। मगर यह कोशिश असफल साबित हुई।

Related posts