
बड़सर (हमीरपुर)। केंद्र सरकार की डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना (डीबीटी) से उपभोक्ताओं की जेब पर गुपचुप चपत लग रही है। केंद्र सरकार ने गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। अब सब्सिडी वाला सिलेंडर करीब 600 रुपये में पड़ रहा है। जिला हमीरपुर में डीबीटी लागू होने से सब्सिडी उपभोक्ताओं के खाते में आनी शुरू हो गई है। डीबीटी से पहले सिलेंडर उपभोक्ताओं को 451 रुपये में मिलता था। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना के तहत उपभोक्ताओं को सिलेंडर 1031 रुपये में मिल रहा है। कई दूरदराज के क्षेत्रों में 1041 रुपये में उपलब्ध हो रहा है। उपभोक्ताओं के खाते में एक सिलेंडर पर सब्सिडी 435 रुपये ही मिल रही है। यानी उपभोक्ताओं को योजना से पहले घरेलू गैस सिलेंडर 451 रुपये में मिलता था, लेकिन डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना के पश्चात उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर करीब 600 रुपये (सब्सिडी काटकर) में पड़ रहा है। इससे पता चलता है कि केंद्र सरकार ने सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं।
उपभोक्ताओं को गैस सब्सिडी सीधे खाते में डाली जा रही है। बड़सर क्षेत्र के उपभोक्ताओं दिनेश कुमार, कमलेश कुमार, रविंद्र कुमार, राजीव कुमार, संजय कुमार, सुरेंद्र कुमार, ज्ञान चंद, सुरेश कुमार, दीपक कुमार, अजीत कुमार, राजिंद्र कुमार, देश राज, अंजना कुमारी, सलोचना कुमारी, बीना कुमारी, कमला देवी, सुनीता कुमारी तथा अर्चना कुमारी का कहना है कि सरकार सब्सिडी सीधे खाते में डालने की आड़ में रसोई गैस के दाम बढ़ा रही है। इससे घर का बजट बिगड़ रहा है। पहले ही महंगाई से घर चलाना मुश्किल हो गया है।
गैस सिलेंडर अब 1031 रुपये में मिल रहा है। सब्सिडी की राशि सीधा लोगों के खाते में डाली जा रही है।
-रोशन लाल, गैस एजेंसी इंचार्ज, खाद्य आपूर्ति विभाग
