
पधर (मंडी)। द्रंग मंडल इंटक ने लोनिवि मंडल कार्यालय पधर को द्रंग में शिफ्ट करने के फरमान का कड़ा विरोध किया है। पधर में सभी विभागों के कार्यालय हैं। लिहाजा एक छत के नीचे प्रशासनिक सेवाओं के लिए मंडल कार्यालय को पधर में ही स्थापित रखने की मांग मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर से की। रेस्ट हाउस पधर में इंटक की बैठक की अध्यक्षता इंटक अध्यक्ष प्रेम सिंह गुलेरिया ने की। इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा की गई। आईपीएच विभाग में दस जमा दो और डिप्लोमा होल्डर चौकीदार की सेवाएं दे रहे हैं, जबकि चौकीदार पंप हाउस में पंप आपरेटर की सेवाएं दे रहे हैं, इस पर इंटक ने कड़ा रोष प्रकट किया है।
प्रेम सिंह गुलेरिया ने कहा कि आईपीएच विभाग में 15-20 वर्षों से रेगुलर चौकीदार के पद पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को चपरासी के पद पर पदोन्नति दी जाए। एक सप्ताह के भीतर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो कामगारों के विरोध के चलते विभागीय अधिकारियाें का घेराव इंटक करेगी और मुख्यमंत्री के समक्ष उनका काला चिट्ठा पेश करेगी।
बैठक में सीपीएफ नंबर न मिलने, पदोन्नति में देरी, बकाया एरियर, 4-9-14 का स्केल विभाग के सर्कुलर में पहुंच जाने के बावजूद लागू न करने, लंबित पड़े मेडिकल बिल, बकाया एरियर का भुगतान न होने सहित कई मुद्दों पर चर्चा की गई। इस मौके पर केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य हितेंद्र ठाकुर, उप प्रधान राम लाल ठाकुर, श्रवण ठाकुर, कश्मीर ठाकुर, चमारू राम, धनदेव, नारायण सिंह, पुरुषोत्तम, हलकू राम, दयाल सिंह, शेर सिंह, कुशल चंद, विनोद कुमार, ध्याम लाल, नूरअली, होशियार सिंह, उत्तम चंद ने भी अपने विचार रखे। बैठक में होशियार सिंह को सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंडल पधर का सर्वसम्मति से इंटक प्रभारी नियुक्त किया गया।
