पट्टिका तोड़ने वाला युवक न्यायिक हिरासत में

पालमपुर (कांगड़ा)। पिछले माह रावमा स्कूल कंडी में पूर्व भाजपा विधायक की शिलान्यास पट्टिका तोड़ने वाले युवक को कोर्ट ने 14 दिन की हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार युवक को शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार अगस्त माह में कंडी स्कूल में पूर्व भाजपा विधायक प्रवीण कुमार की ओर से स्कूल में किए गए एक शिलान्यास की पट्टिका को तोड़ दिया गया था। इसकी शिकायत पालमपुर पुलिस थाना में दर्ज करवाई गई थी। पुलिस ने शिकायत दर्ज करते ही अपने तरीके से छानबीन शुुरू कर दी थी। एएसआई सुभाष शास्त्री ने इस मामले में शुक्रवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। उधर, डीएसपी नवदीप सिंह ने कहा कि पुलिस ने मामले की छानबीन कर कंडी निवासी पप्पी को गिरफ्तार किया था। उसे शनिवार का न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

Related posts