
मंडी। नेहरू युवा केंद्र मंडी और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय सामाजिक क्षेत्र में अहम भूमिका निभाने वाली संस्था को पुरस्कृत करेगा। इसके लिए जिला भर में कार्यरत युवा मंडल, महिला मंडल तथा अन्य स्वयंसेवी संस्थाआें से आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर सर्वश्रेष्ठ का चयन किया जाएगा। जिसका युवा मंडल एवं महिला मंडल पुरस्कार के लिए चयन किया जाएगा। श्रेष्ठ चयनित होने वाली संस्था को दस हजार रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति प्रमाण पत्र दिया जाएगा। जिलास्तर पर श्रेष्ठ चयनित संस्था राज्यस्तरीय पुरस्कार के लिए भी पात्र होगी। जिला युवा समन्वयक ईश प्रभात ने बताया कि जो युवा मंडल, महिला मंडल एवं स्वयंसेवी संस्थाएं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण, एड्स जागरूकता, अंधता निवारण, सामाजिक शिक्षा, सामुदायिक संपत्तियाें के निर्माण, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, समाज कल्याण, पर्यावरण संवर्द्धन, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, संपूर्ण स्वच्छता अभियान, ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन, स्वच्छ पेयजल, सामाजिक कुरीतियाें के उन्मूलन, सामुदायिक विकास तथा अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों में अपना योगदान दे रही हैं, वे सभी इस पुरस्कार के लिए पात्र हैं। इस पुरस्कार के निर्धारण के लिए 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2013 तक की गतिविधियाें को शामिल किया जाएगा। आवेदन 15 सितंबर तक प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर होगी।
