
धर्मशाला। शहीर विकास एवं आवास मंत्री सुधीर शर्मा ने धर्मशाला के कोतवाली बाजार से मैकलोडगंज तक आधुनिक रोपवे का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि कोतवाली स्थित सामुदायिक भवन के समीप गंडोला स्थापित कर इस रोपवे को खड़ा डंडा मार्ग से होते हुए मैकलोडगंज तक पहुंचाया जाएगा। इससे जहां मैकलोडगंज तक ट्रैफिक का बोझ कम होगा पहीं, पर्यटन की दृष्टि से शहर के लिए यह एक अहम योजना साबित होगी।
सुधीर शुक्रवार को मिनी सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस योजना का निर्माण दो चरणों में होगा। दूसरे चरण में पहले ही मैकलोडगंज से त्रियूंड तक प्रस्तावित रोपवे को शीघ्र अमली जामा पहनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए आईडीबी (इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट बोर्ड) को खाका तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं, धर्मशाला में लोगों खासकर बुजुर्गों की सुविधा के लिए बस अड्डे से लेकर कोतवाली बाजार स्थित टैक्सी स्टैंड तक एस्केलेटर (स्वचालित पथ) भी स्थापित किया जाएगा। सुधीर शर्मा ने कहा कि इन दोनों योजनाओं को आईडीबी के तहत मूर्त रूप दिया जाएगा।
मंत्री से मिलने को लगा तांता
सुधीर शर्मा ने शुक्रवार को धर्मशाला स्थित मिनी सचिवालय में लोगों की समस्याएं सुनीं। मिनी सचिवालय में मंत्री से मिलने के लिए लोगों का तांता लगा रहा।
