बनेर खड्ड में गिरा ट्रक, चालक गंभीर

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र के सुनेहढ़ में राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर हुए एक हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार कबाड़ से लदा एक ट्रक एचपी-53-8254 बैजनाथ से पठानकोट जा रहा था कि सुनेहढ़ के समीप एक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर लगभग 80 फुट नीचे बनेर खड्ड में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक चालक भूपेंद्र कुमार को गंभीर चोटें आईं और घायल ट्रक चालक को टांडा मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया। पुलिस जांच अधिकारी एएसआई राम सिंह ने बताया कि चालक के खिलाफ 279 और 337 धारा के अंतर्गत मामला दर्ज करके दुर्घटना की छानबीन की जा रही है। गौरतलब है कि इस मोड़ पर पहले भी कई वाहन गहरी खाई में गिर चुके हैं।

हुड़दंग मचाता शराबी धरा गया
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। गांव अंबाड़ी में बीते दिन पुलिस ने हुड़दंग मचाते एक शराबी व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 107 और 151 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार वीरवार शाम को गांव अंबाड़ी में लगभग 7 बजे शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति सड़क पर आते-जाते राहगीरों को गालियां देने लगा। इस दौरान उसने कुछ राहगीरों से मारपीट भी की और अपने कपड़े तक भी फाड़ डाले। सूचना मिलने पर एएसआई राम सिंह ने पुलिस बल के साथ पहुंच कर उस व्यक्ति को काबू किया तथा उसके खिलाफ शांति भंग करने व गाली गलोच करने का मामला दर्ज किया

Related posts