
अमिताभ बच्चन को यूं तो हंसते हुए भी कम ही देखा जाता है। लेकिन आज वह इतने खुश होंगे कि हंसेंगे भी गाएंगे भी और नाचेंगे भी। उनकी इस खुशी के साझेदार आप भी बन सकेंगे।
अमिताभ का ये रूप ‘कौन बनेगा करोड़पति 7’ के आरंभिक एपीसोड में आज रात सोनी चैनल पर देखने को मिलेगा। ‘केबीसी7’ देखने को लोग उत्सुक हैं और आज रात 8.30 बजे उनका ये इंतजार खत्म होगा।
शो की शुरूआत सोनू निगम के गानों से होगी। जिसमें बिग बी भी शामिल होंगे। इसके बाद अमिताभ अपनी आवाज में गाने भी गाएंगे और डांस भी करेंगे। वह इम्तहां हो गई इंतजार की गाते हुए प्रतियोगियों को हॉट सीट पर आमंत्रित करेंगे।
शो को लेकर बिग बी खुद भी बहुत उत्सुक हैं। वह कह चुके हैं कि वह काफी नर्वस भी हैं। लेकिन शो पर आने की खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक उठेगी। इस बार इस शो में 7 करोड़ की पुरुस्कार राशि और प्रतियोगियों को 5 लाइफ लाइन की सौगात नया प्रयोग है।
