विकास कार्यों का झूठा श्रेय लेना छोड़ें भाजपाई

गरुड़। सांसद प्रतिनिधि रंजीत डसीला ने भाजपाइयों पर विकास कार्यों का झूठा श्रेय लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि दरड़ा गांव में विद्युतीकरण की स्वीकृति कांग्रेस सरकार ने दिलाई लेकिन भाजपा के स्थानीय नेता उसे अपनी उपलब्धि बताकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उधर भाजपा ने कहा कि कांग्रेसी झूठा श्रेय लेने की राजीनीति करना छोड़ दें
श्री डसीला पार्टी कार्यालय में कांग्रेसियों की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जब भाजपा की पूरे पांच साल सरकार रही तब भाजपा के विधायक चंदन दास दरड़ा गांव में विद्युतीकरण कराने की स्वीकृति नहीं दिला पाए। उन्होंने कहा कि सांसद प्रदीप टम्टा और कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण के प्रयासों से दरड़ा गांव में विद्युतीकरण की स्वीकृति मिली है। उन्होंने भाजपाइयों से कांग्र्रेस सरकार द्वारा कराए गए कामों को अपनी उपलब्धि बताने की आदत छोड़ देने को कहा। बैठक में डीसी पांडे, जानकी देवी, पनी राम, मदन सिंह, दीवान राम, भरत फर्स्वाण, उमेश पांडे, कैलाश मेहरा, दीपक गोस्वामी, हरीश जीना, अर्जुन राणा, संजय फर्स्वाण आदि ने विचार रखे। उधर भाजपा के जिला मंत्री मंगल राणा, भाजयुमो के जिला मंत्री किसन बोरा ने कहा कि दरड़ा गांव में विद्युतीकरण की स्वीकृति दिलाने के लिए भाजपाइयों ने कई बार आंदोलन किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों में विकास की जरा सी सोच होती तो वह स्कूलों, अस्पतालों के अलावा अन्य विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए विशेष अभियान चलाती। भाजपा के जिला महामंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि सांसद प्रतिनिधि को श्रेय लेने की राजीनति छोड़ने को कहा।

Related posts