दिनदहाड़े दो मकानों से चोरी

हल्द्वानी। सुभाष नगर में बृहस्पतिवार दोपहर 15 मिनट के भीतर दो मकानों में चोरी की गई। किराए का कमरा खोजने के बहाने घर में घुसी महिला चोर ने हजारों की नगदी और जेवर उड़ा लिए। घटना का पता लगते ही मोहल्ले वालों ने काफी देर तक आरोपी महिला की तलाश की, मगर कहीं पता नहीं चला। पुलिस से मामले की शिकायत की गई है।
सुभाषनगर निवासी अनीता देवी पत्नी श्यामलाल के घर बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे एक महिला आई। उसने अनीता देवी से किराए के कमरे के बारे में पूछा। अनीता ने कमरा न होने की बात कहते हुए उसे घर से चलता कर दिया। इसके बाद वह घर के पीछे काम में लग गई। इसी बीच महिला चुपके से उसके घर में घुसी और अलमारी से चांदी की दो चेन लेकर निकल गई। फिर वह पड़ोस में रहने वाली प्रभा पत्नी ठाकुर सिंह के यहां पहुंची। वहां भी उसने ऐसे ही बात कही और मौका पाकर उनका पर्स उठाकर ले गई। पर्स में करीब पांच हजार की नगदी और कुछ जेवर थे। उसके जाने के कुछ देर बाद प्रभा को पता चला तो उसने आसपास पूछताछ की। इसी बीच अनीता को भी अपने यहां चोरी का पता चला। दोनों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर मोहल्ले में महिला चोर की तलाश की। उसे खोजते हुए लोग सेल्स टैक्स ऑफिस तक गए, लेकिन पता नहीं चला। कुछ लोगों ने बताया कि वह उनके घर भी आई थी। शाम को लोगों ने घटना की सूचना भोटिया पड़ाव चौकी में दी।

Related posts