
टनकपुर। वंचित बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा देने और बाढ़ से सुरक्षा की मांग को लेकर शारदा चुंगी कालोनी के बाढ़ प्रभावितों ने तहसील में धरना दिया। उन्होंने मांगों पर जल्द अमल नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
शारदा चुंगी कालोनी के बाढ़ पीड़ित बृहस्पतिवार को पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन रावत के नेतृत्व में तहसील कार्यालय पहुंचे। उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और वहीं धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के चिह्नीकरण और क्षति के आंकलन में प्रशासन ने पक्षपात किया है। कई परिवारों को बेघर होना पड़ा है, लेकिन उन्हें अब तक मुआवजा नहीं मिल पाया है। उपजिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने मुआवजे से वंचित पीड़ितों को मुआवजा देने के साथ ही बेघर हुए लोगों के पुनर्वास की व्यवस्था करने, एनएचपीसी के उत्तरी क्षेत्र के तटबंध को बूम तक बढ़ाने और छूटे स्थानों पर वायर क्रेट्सों का निर्माण कराने की मांग उठाई है। प्रदर्शन में मो.याकूब अंसारी, मीना सागर, सुभाष सागर, शकुंतला देवी, राजेंद्र कुमार, अविनाश कुमार, जीवन सिंह, नीलम सीमा, शिवदेई, रजनी शर्मा, लीलावती आदि शामिल थे।
