
रुद्रपुर। गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक द्वेष भावना के चलते उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए। उनका काम जनता की सेवा करना है। कांग्रेस सरकार उनके खिलाफ कितने भी मुकदमे दर्ज करा ले, लेकिन वह संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। विधायक पांडे गुरुवार को हल्द्वानी जेल से रिहा होने के बाद शहर के एक होटल में पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि वह चीनी मिल बाजपुर में मुख्य अतिथि के रूप में गए थे। वहां पर उनके ऊपर ही तीन-तीन पीसीएस अधिकारियों की मौजूदगी में हमला हुआ। सरकार बदलने के साथ ही कांग्रेस न उन पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज करा दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में चूर है। वह चाहे कितने भी मुकदमे सरकार चाहे उन पर लाद दे, लेकिन वह जनता के संघर्ष के लिए कभी पीछे नहीं हटेंगे। विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि कांग्रेसियों ने उनके भाई पर झूठा मुकदमा दर्ज कराया। इस मौके पर भारत भूषण चुघ, वेद ठुकराल, संजय ठुकराल, रजनीश ग्रोवर आदि मौजूद थे।
