
अल्मोड़ा। उच्च न्यायालय के निर्देश पर कटारमल क्षेत्र की खतौनियों का सत्यापन और भू-अभिलेखों की जांच तहसीलदार और राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा रविवार आठ सितंबर को की जाएगी। अधिकारियों द्वारा भूमि खुर्द-बुर्द किए जाने की शिकायत का मौके पर ही सत्यापन कर निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी।
मालूम हो कि कटारमल क्षेत्र के लोगों ने गांव के कुछ लोगों और राजस्व विभाग पर खातेदारों के भू-अभिलेखों में छेड़छाड़ कर सैकड़ों नाली भूमि अन्य खातों में दर्ज करने की शिकायत की थी। लोगों ने प्रशासन को इसकी जानकारी देकर कार्रवाई करने को कहा था। कार्रवाई नहीं होने पर इस संबंध में उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दर्ज की।
तहसीलदार हरी राम ने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में डीएम और एसडीएम ने कटारमल गांव में जमींदारी विनाश और गैर जमींदारी विनाश खतौतियों के सत्यापन और जांच के निर्देश दिए हैं। रविवार आठ सितंबर को प्रात: 11 बजे से प्राथमिक स्कूल कटारमल में राजस्व विभाग के अधिकारी खतौनी का सत्यापन और जांच करेंगे। इस मौके पर तहसीलदार नायब तहसीलदार, प्रभारी राजस्व निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक मौजूद रहेंगे।
उन्होंनेे बताया कि कटारमल गांव के समस्त खातेदार और निवासी खतौनियों में आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि कटारमल में भूमि खुर्द-बुर्द किए जाने के शिकायती पत्र भी प्राप्त हुए हैं। उनकी प्रतियों का भी सत्यापन मौके पर कर निस्तारण कर कार्रवाई की जाएगी।
