
नई दिल्ली। शिक्षक दिवस पर दक्षिणी नगर निगम ने मादीपुर में बच्चों के लिए रिहायशी स्पोर्ट्स स्कूल और शेख सराय में वातानुकूलित प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र खोलने की घोषणा की। साईं इंटरनेशनल ऑडिटोरियम, लोधी रोड पर आयोजित कार्यक्रम में 35 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान मेयर सरिता चौधरी, स्थाई समिति के अध्यक्ष राजेश गहलोत एवं सदन के नेता सुभाष आर्य ने संयुक्त तौर पर ऐलान किया कि अगले वर्ष से शिक्षकों को पुरस्कार राशि के तौर पर नौ हजार रुपये दिए जाएंगे। अनुबंध आधार पर नियुक्त शिक्षकों के साथ-साथ शैक्षिक, संगीत, नृत्य और नर्सरी टीचरों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक जोन में एक स्मार्ट क्लासरूम बनाया जाएगा। जहां कंप्यूटर, लर्नर बोर्ड, ऑडियो-विजुअल आदि व्यवस्थाएं होंगी। वहीं दक्षिणी निगम के टीचरों ने शिक्षक दिवस का बहिष्कार किया। उन्होंने 50 स्कूलों को निजी हाथों में सौंपने के निर्णय के विरोध में परिसर बाहर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया।
पूर्वी निगम : शिक्षकों की संख्या बढ़ाएंगे
नई दिल्ली (ब्यूरो)। पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने ‘शिक्षक दिवस’ पर पुरस्कृत किए जाने वाले शिक्षकों की संख्या बढ़ाने की घोषणा की है। निगम अभी 25 शिक्षकों को सम्मानित करता है। अगले साल से यह संख्या बढ़ाई जाएगी। इस दौरान मेयर रामनारायण दूबे ने 25 शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान किया।
उत्तरी निगम : शिक्षकों की मांगे मानने का वायदा
नई दिल्ली (ब्यूरो)। उत्तरी निगम ने शिक्षकों की सभी मांगें पूरी करने का वायदा किया। शाह ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मेयर आजाद सिंह ने कहा, ‘वह भी टीचर रहे हैं, इस वजह से उनकी परेशानियों को जानते हैं।’ समारोह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल ने 40 शिक्षकों को सम्मानित किया।
छावनी बोर्ड ने नया स्कूल भवन समर्पित किया
नई दिल्ली (ब्यूरो)। दिल्ली छावनी बोर्ड ने शिक्षक दिवस पर सिल्वर ओक पब्लिक का नया भवन बच्चों को समर्पित किया। इस मौके पर रक्षा संपदा महानिदेशक रविकांत चोपड़ा, प्रिंसिपल डायरेक्टर डॉक्टर जेएस माही, दिल्ली छावनी परिषद् के अध्यक्ष ब्रिगेडियर एन. बालन आदि उपस्थित थे।
