
नई दिल्ली। मेडिकल कॉलेज में एडमिशन दिलाने के नाम पर 23 लाख रुपये की ठगी किए जाने का खुलासा हुआ है। जसवंत नगर इटावा के रहने वाले पीड़ित ने तीन लोगों पर ठगी का आरोप लगाते हुए बिंदापुर थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों की तलाश मे दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार नरेंद्र सिंह गौर सपरिवार जसवंत नगर इटावा यूपी के रहने वाले हैं। उन्होंने 2 सिंतबर को बिंदापुर थाने में 23 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दर्ज करवाई है। इसमें उसने तीन लोगों फरीदाबाद निवासी सुनील बत्रा, बिंदापुर निवासी विरेंद्र कुमार और नीरज जैन पर मेडिकल में एडमिशन करवाने के नाम पर ठगी करने का आरोप लगाया है। नरेंद्र के मुताबिक 27 जुलाई 2012 को उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। जिसमें दावा किया गया था कि 35 लाख रुपये में मेडिकल कॉलेज में एडमिशन दिलवा सकते हैं। साथ ही विशेष जानकारी के लिए सुनील बत्रा का मोबाइल नंबर दिया गया था।
उस नंबर पर संपर्क किया। सुनील बत्रा ने मुलाकात के लिए उन्हे बिंदापुर जहां अन्य दो आरोपी भी मौजूद थे। 33 लाख रुपये में बात हो गई। उसके बाद नरेंद्र ने 33 लाख रुपये सुनील को दे दिए। आरोपियों ने रकम विरेंद्र के घर पर ली। फिर सुनील उन्हें फरीदाबाद स्थित अपने घर ले गया और जहां से अगले दिन मेरठ के लाला लाजपतराय कॉलेज ले गया और उलझाने लगा, मामला समझते हुए नरेंद्र ने एडमिशन लेने से मना करते हुए रुपये देने के लिए कहा। काफी प्रयास के बाद उन लोगों ने दस लाख रुपये वापस कर दिए। बाकी रकम के लिए चेक दे दिया जो बाउंस हो गए। उसके बाद लगातार संपर्क करने के बावजूद उन लोगों ने रुपये वापस नहीं किए।
