बाइक सवार जोड़े ने चेन झपटी

नई दिल्ली। शातिर बदमाशों के साथ अब युवतियों ने भी चेन स्नेचिंग करनी शुरू कर दी है। ताजा मामला कृष्णा नगर इलाके में सामने आया। यहां काले कपड़ों में काले ही रंग की बाइक पर आए एक जोड़े ने महिला की चेन झपट ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता नीलम चौहान (39) परिवार के साथ जे-2/10 कृष्णा नगर में रहती हैं। बुधवार की शाम नीलम अपने घर से अपना सूट लेने पैदल निकली। सी-ब्लॉक के सरकारी स्कूल के पास सामने से काले रंग की पल्सर बाइक पर एक युवती और युवक उसके सामने आ गए। स्मार्ट दिखने वाली युवती ने नीलम के गले पर झपट्टा मार कर चेन छीन ली। बाइक चला रहे युवक ने भीड़ वाले बाजार की ओर बाइक घुमा दी और फरार हो गया। पीड़िता ने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया है। कृष्णा नगर थाना पुलिस महिला से पूछताछ कर आरोपियों का हुलिया जानने का प्रयास कर रही है। गौरतलब है कि कीर्ति नगर इलाके में 26 अगस्त को बाइक सवार जोड़े ने कुछ इसी तरह एक महिला की बैग झपट ली थी।

Related posts