भगेड़ में दो मंजिला मकान राख, दस लाख का नुकसान

चौंतड़ा (मंडी)। ग्राम पंचायत लदरुहीं के भगेड़ गांव में आग लगने से दो मंजिला स्लेटपोश मकान राख हो गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक घर के अंदर रखा सारा सामान जल गया था। आग की घटना से करीब 10 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। विधायक गुलाब सिंह ठाकुर ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब पौने छह बजे भगेड़ गांव में दो मंजिला मकान में आग लग गई। जिससे महंत ज्ञान चंद और उसके बेटे संजय महंत का सारा सामान राख हो गया। संजय महंत सुबह घर से बाहर निकला तो उसने देखा कि मकान के ऊपरी कमरों से धुआं और आग की लपटें निकल रही थीं। उसके शोर मचाने पर घर के अन्य सदस्य भी बाहर निकल आए। शोर सुनाई देने पर आसपास और गांववासी भी मौके पर पहुंचे। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस, पटवारी हलका भडयाड़ा और फायर ब्रिगेड भगेड़ गांव में पहुंच गई थी, लेकिन घर तक रास्ता खुला न होने पाने के कारण फायर ब्रिगेड घर तक नहीं पहुंच पाई।
आग से घर की ऊपरी मंजिल में रखी छह क्विंटल गेहूं, 5 क्विंटल धान, 2 क्विंटल सरसों, एक क्विंटल चावल के साथ सभी कपड़े, रजाई, कंबल और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह से राख हो गया।
विधायक गुलाब सिंह ठाकुर ने भगेड़ गांव में पहुंच कर प्रभावित परिवारों को ढांढस बंधाया तथा अपनी निजी निधि से पांच हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। हलका पटवारी अश्वनी शर्मा ने बताया कि आग से महंत ज्ञान चंद और संजय महंत को लगभग 10 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया। नायब तहसीलदार जोगिंद्रनगर डीडी यादव ने घटनास्थल पर बताया कि प्रभावित परिवारों को एक-एक तिरपाल और 5-5 हजार रुपये की फौरी राहत दी गई। पंचायत भडयाड़ के प्रधान संजीव कुमार और अन्य वार्ड सदस्यों ने अपनी ओर से प्रभावितों को 2500 रुपये की सहायता राशि दी है।

Related posts