प्रेम प्रसंग में गई युवक की जान!

भराड़ी/ घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत बरोटा गांव के युवक की हत्याकी वजह प्रेम प्रसंग ही रही है। पुलिस ने हत्या की गुत्थी चार दिन में ही सुलझा कर रख दी है। जांच हुई तो परत-दर-परत कई खुलासे हुए। दरअसल, मृतक युवक के गांव के ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध थे। यही उसकी हत्या की वजह बनी। युवती के संबंधी या परिचितों ने उसे बाहर बुलाकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। हैरानी वाली बात यह है कि घटना वाली रात (एक अगस्त) को कथित प्रेमिका ने ही उसे फोन कर बाहर बुलाया था। लिहाजा, पुलिस ने उसी गांव की युवती और हमीरपुर के बड़सर क्षेत्र के एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। अभी और गिरफ्तारियां भी हो सकती है। इसके लिए पुलिस टीमें रवाना हुई हैं।
घुमारवीं उपमंडल के तहत भराड़ी के 26 वर्षीय युवक को घर से अगवाकर मौत के घाट उतारा गया था। दो अगस्त को कल्लर मोड़ के समीप एक सुनसान जगह पर उसका शव बरामद हुआ। उसके शरीर पर तेज हथियार से डेढ़ दर्जन से भी अधिक प्रहार किए थे। पुलिस ने भादंसं की धारा 302, 364 और 201 के तहत मामला दर्ज किया है। बुधवार को पुलिस ने गांव की ही एक युवती को पूछताछ के लिए बुलाया था। स्नसे देर रात गिरफ्तार किया गया। आज भी पुलिस ने हमीरपुर जिला के बड़सर इलाके में दबिश देते हुए भटारनी गांव के अशोक को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने विभिन्न तथ्यों को परखते हुए व विभिन्न तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जांच की। पुलिस के मुताबिक मृतक विकास के उसी गांव की एक लड़की से मधुर संबंध थे। इसके कई साक्ष्य भी पुलिस को प्राप्त हुए हैं। इन साक्ष्यों के विश्लेषण से पाया गया कि घटना वाली रात भी यह युवती मृतक के संपर्क में थी। युवती के कहने पर ही मृतक अपने घर से बाहर आया था। जहां पर इस युवती के कुछ निकट संबंधी या परिचित पहले से ही मौजूद थे। जिन्होंने घटना को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक कपिल शर्मा ने युवती को गत रात्रि ही गिरफ्तार किया था। युवक को भी आज दबोचा गया है। इस मामले में अभी और गिरफ्तारियों की भी संभावना है।

Related posts