हाई कमीशन करे प्रोजेक्टों की जांच : मनकोटिया

धर्मशाला। पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने कहा कि शाहपुर विस क्षेत्र के तहत बोह व ध्याड़ा में चल रहे हाईडल प्रोजेक्ट तत्काल प्रभाव से बंद कर देने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ये परियोजनाएं नियमों का उल्लंघन कर चलाई जा रही हैं। साथ ही उन्होंने हिमाचल प्रदेश में संचालित हाईडल प्रोजेक्टों की हाई कमीशन से जांच करवाने की मांग की है।
वीरवार को प्रेस वार्ता में मनकोटिया ने बताया कि इसके लिए वह मुख्यमंत्री को पत्र लिख रहे हैं। पूर्व मंत्री ने कहा है कि भाजपा शासनकाल में रेवड़ियों की तरह प्रोजेक्टोें का आवंटन किया गया। उस वक्त राजनीतिक शरण के चलते प्रोजेक्ट प्रबंधन ने सैकड़ों पेड़ों की बलि दे डाली। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अभी भी अधिकारियों की मिलीभगत से ऐसा काम चला रहा है। जुटाई गई जानकारी से पता चला है कि बोह के प्रोजेक्ट में तीन सौ पेड़ों का अवैध कटान हुआ है। जबकि प्रोजेक्ट का सारा मलबा बराल खड्ड में डाला जा रहा है। मनकोटिया ने बताया कि इसी तरह दियाड़ा में डेढ़ मेगावाट के प्रोजेक्ट पर कहा कि इससे गांव में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो रही है। जबकि प्रशासनिक अधिकारी लोगों की समस्या सुनने की बजाय अपनी कुर्सी से चिपके बैठे हैं। इस अवसर पर उनके साथ परस राम अत्री, शमशेर सिंह व गगन सिंह आदि मौजूद थे।

Related posts