
रे/फतेहपुर(कांगड़ा)। फतेहपुर विकास खंड की दियाणा पंचायत के मलहंता गांव के एक व्यक्ति की पुल से नीचे गिरने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक जगनोली-मंघोट-मलहंता सड़क मार्ग पर दियाणा पंचायत के मलहंता गांव निवासी माडू राम का शव नंगाल में पुल के करीब 15 फुट नीचे खड्ड से बरामद किया गया। शव को सबसे पहले नंगाल पंचायत के रशपाल सिंह ने देखा और इसकी तुरंत सूचना वार्ड पंच डिम्पल व प्रधान सुशीला देवी को दी। इस बीच फतेहपुर पुलिस थाने को सूचित किया। शव की पहचान मृतक की पत्नी गीता देवी ने की। मृतक माड़ू राम बुधवार सुबह दिहाड़ी लगाने के लिए घर से निकला था। माना जा रहा है कि देर शाम वापस लौटते वक्त अंधेरे में पांव फिसलने से मृतक पुल से नीचे खड्ड में गिर गया। इसके चलते पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। फतेहपुर थाने के एएसआई आज्ञा राम ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया। दियाणा पंचायत के प्रधान जगदीश शर्मा, उपप्रधान जीत सिंह सहित गांववासियों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता करने की अपील की है। उधर, डीएसपी जवाली धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल भेज दिया है।
धूमधाम से मनाया शिक्षक दिवस
फतेहपुर(कांगड़ा)। श्री नरसिंह सरस्वती विद्या मंदिर फतेहपुर में वीरवार को शिक्षक दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य राजकुमार ने स्कूली छात्रों को प्रख्यात दार्शनिक एवं पूर्व स्वर्गीय राष्ट्रपति डा. राधा कृष्णन सर्वपल्ली के जीवन पर प्रकाश डाला तथा उनके आर्दशों को अपनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस मौके पर छात्रों में मिठाई वितरित की गई। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल धमेटा में शिक्षक दिवस के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के प्रधानाचार्य शाम लाल ने स्कूली छात्रों को शिक्षक दिवस के महत्व की जानकारी दी।
