इंजीनियरिंग कंपनी के कर्मी हड़ताल पर

लंढौरा। पांच माह से वेतन न मिलने से नाराज इरा इंफ्रा इंजीनयिरिंग कंपनी के श्रमिक और कर्मी बुधवार को हड़ताल पर चले गए। इस कंपनी के पास फोरलेन बनाने का ठेका होने से मुजफ्फरनगर से लेकर देहरादून तक सड़क चौड़ीकरण का काम ठप हो गया है।
दिल्ली से देहरादून तक फोरलेन बनाने का काम इरा इंफ्रा इंजीनयिरिंग लिमिटेड कर रही है। लंढौरा स्थित इरा इंफ्रा इंजीनयिरिंग कंपनी में कार्यरत कर्मचारी सुशील गोस्वामी, अंबरीश पांडे, धर्मेद्र तिवारी एवं सुशील गिरी समेत अन्य कर्मचारियों ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी देहरादून को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि कर्मचारियों को पिछले पांच माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। वेतन न मिलने से कर्मचारी भुखमरी की कगार पर आ गए हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद कंपनी के उच्चअधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। वेतन न मिलने से कई कर्मचारियों के बच्चों के स्कूल की फीस तक जमा नहीं हो पा रही है। इस वजह से कंपनी में मुजफ्फरनगर से देहरादून तक कार्यरत कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियाें ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी को बताया कि कंपनी के कर्ताधर्ता कंपनी का हस्तांतरण किसी अन्य कंपनी को कर सकते हैं। यदि ऐसा हुआ तो कंपनी में कार्यरत कर्मचारियाें का जीवन अंधकारमय हो जाएगा। वहीं कंपनी के अधिकारी वेतन न बंट पाने का कारण कंपनी की खराब आर्थिक स्थिति बता रहे हैं।

वर्जन
कंपनी की आर्थिक स्थिति खराब है। इस वजह से कर्मचारियों के वेतन का भुगतान नहीं हो पा रहा है। कंपनी फिलहाल कर्मचारियों को दो माह के वेतन का भुगतान कर रही है।
-संजय सोढी, एचआर मैनेजर, इरा इंफ्रा इंजीनियरिंग

Related posts