
पिथौरागढ़। जाने-माने संत आसाराम इन दिनों यौन अपराध के आरोप में सलाखों के पीछे है। जिले के गांव में भी एक ढोंगी बाबा ने अपना धर्म भ्रष्ट किया है। पुलिस ने महिला को अपनी हवस का शिकार बनाने वाले इस बाबा को बुधवार शाम उसके आश्रम से गिरफ्तार किया है। बाबा ने महिला की अश्लील क्लीपिंग भी बना रखी थी, जिसे सार्वजनिक क रने की धमकी देकर वह एक साल से महिला से दुष्कर्म कर रहा था। पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण करा आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल जीपी बौंठियाल ने बताया कि शहर से करीब पांच किमी दूर एक गांव के आश्रम में बाबा दिगंबर गिरि करीब 6 साल से रह रहा है। एक साल पूर्व बाबा ने एक धार्मिक अनुष्ठान में महिला को सम्मोहित कर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी क्लीपिंग बना ली।
कोतवाल ने बताया कि 28 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दौरान आश्रम में भजन-कीर्तन चल रहे थे। तभी बाबा ने भजन सुनने के लिए मोबाइल फोन कुछ बच्चों को दे दिया। भजन सुनने के बाद बच्चों ने मोबाइल से छेड़छाड़ की तो उन्हें उसमें महिला की अश्लील क्लीपिंग दिखी। कुछ दिन बाद बच्चों ने गांव के लोगों से इसकी चर्चा की। मामले को दबाने की कोशिश भी की गई। लेकिन किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
सूचना पर पुलिस ने बुधवार शाम आश्रम का निरीक्षण किया तो बाबा से वह मोबाइल फोन बरामद कर लिया जिसमें अश्लील क्लीपिंग थी। इसके बाद पुलिस ने बाबा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 376, 506 और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। बृहस्पतिवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं, पुलिस ने महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए महिला अस्पताल भेज दिया। सीएमओ डा.जीबी बिष्ट ने बताया कि अभी मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट नहीं मिली है।
