
पिथौरागढ़। जिले की प्रशिक्षित महिला हेल्थ वर्करों (एएनएम) ने बुधवार को नियुक्ति न मिलने के विरोध में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। अपर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में अन्य जिलों की तरह नियुक्ति देने की मांग की है।
अपर जिलाधिकारी बीएल राना के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में प्रशिक्षित महिला हेल्थ वर्करों ने कहा है कि जिले की 19 युवतियों ने महिला हेल्थ वर्कर सेंटर से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन लोगों का देहरादून स्टेट मेडिकल फैकल्टी कार्यालय में किया गया है। अन्य जिलों में प्रशिक्षित महिला हेल्थ वर्करों को नियुक्ति दे दी गई है लेकिन इस जिले में नहीं दी जा रही है। एएनएम की विज्ञप्ति जारी न होने से प्रशिक्षित परेशान हो गए हैं। उन्हें बेरोजगारी का दंश झेलना पड़ रहा है। इन लोगों ने महिला हेल्थ वर्कर की नियुक्तियां तत्काल करने की मांग की है। प्रदर्शन में अंजू कार्की, विद्या सामंत, गंगा बिष्ट, सोनू जोशी, कमला शर्मा, गंगोत्री रावत, सरस्वती बिष्ट, दीपिका भट्ट शामिल थे।
