आपदा पीड़ितों के प्रति गंभीर नहीं सरकार

उत्तरकाशी। भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई। जून में आई आपदा और उसके बाद प्रबंधन कार्यों की स्थिति बैठक में छाई रही।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष खजान दास ने कहा कि राज्य सरकार आपदा पीड़ितों की समस्याओं के निदान के लिए गंभीर नहीं है। आपदा राहत कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है। कई गांव रसद संकट से जूझ रहे हैं तो कई गांवों में बिजली-पानी नहीं है। प्रदेश की जनता सरकार की जनविरोधी नीतियों से तंग आ चुकी है। कहा कि सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ भाजपा सड़कों पर उतरेगी। प्रथम चरण में 16 सितंबर को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन और 19 सितंबर को विधानसभा का घेराव किया जाएगा। बैठक में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव तथा लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा करते हुए कार्यकर्ताआें से तैयारियां में जुटने का आह्वान किया गया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष बैशाखूलाल, महामंत्री रामानंद भट्ट, जयवीर चौहान, पूर्व विधायक गोपाल रावत, लोकेंद्र बिष्ट, गिरीश रमोला, सुरेंद्र नौटियाल, स्वराज विद्वान, मनवीर चौहान, श्रीपाल चौहान, रणवीर राणा, सुधा गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

Related posts