संविदा डाट्स कर्मियों ने काली पट्टी बांध विरोध जताया

अल्मोड़ा/बागेश्वर। नियमितीकरण आदि मांगों को लेकर टीबी नियंत्रण संविदा कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन के बैनर तले डाट्स कर्मचारियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। मांग पूरी नहीं होने पर कर्मचारियों ने छह सितंबर से नौ सिंतबर तक दो घंटे कार्य बहिष्कार, 10 सितंबर से देहरादून में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की धमकी दी है।
संविदा कर्मचारियों की बेस अस्पताल में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वह पिछले 12 वर्षों से टीबी रोग नियंत्रण के लिए काम कर रहे हैं। अन्य राज्यों में संविदा कर्मचारियों को रिक्त पदों के सापेक्ष नियमित नियुक्त दे दी गई है जबकि उत्तराखंड सरकार उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। वर्ष में उन्हें मात्र 12 दिन ही आकस्मिक अवकाश का प्राविधान है। संविदा कर्मचारियों ने सरकार के उदासीन रवैये पर रोष जताया है। बैठक में जिलाध्यक्ष बीएस मेहरा, समन्वयक बीएस राणा, संगठन मंत्री शशि कुमार पवार, एसके भंडारी आदि उपस्थित थे।
बागेश्वर में भी जिला अस्पताल के क्षय रोग कर्मचारियों ने हाथों पर काला फीता बांधकर विरोध जताया। विरोध प्रदर्शन करने वालों में क्षय रोग कर्मचारी एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रकाश मनकोटी, सचिव महिपाल सिंह, मनोज पाठक, सतीश कांडपाल, पंकज धपोला, देवेंद्र प्रसाद, हरगोविंद आर्य आदि शामिल थे।

Related posts