
नई दिल्ली। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ चुनाव के लिए संगठनों ने अपने-अपने पैनलों की घोषणा कर दी है। सेंट्रल पैनल के लिए इस साल 22 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनावी रण में अध्यक्ष पद के लिए आठ, उपाध्यक्ष पद के लिए पांच, महासचिव पद के लिए छह और संयुक्त सचिव पद के लिए तीन उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे। बुधवार को नाम वापस लेने का आखिरी दिन समाप्त होते ही चुनाव समिति ने उम्मीदवारों की फाइनल सूची जारी कर दी। इसके साथ ही एनएसयूआई और एबीवीपी ने अपने-अपने पैनलों की घोषणा कर दी है। एनएसयूआई की ओर से अध्यक्ष पद के लिए प्रणववीर सिंह, उपाध्यक्ष के लिए ओमप्रकाश, महासचिव के लिए कैरोलिन और संयुक्त सचिव के लिए मिराज अहमद मैदान में हैं। वहीं एबीवीपी से अध्यक्ष के लिए आलोक कुमार को उतारा गया है। एबीवीपी की ओर से उपाध्यक्ष पद के लिए बलदेव राम और सुमित कुमार मौर्या को महासचिव पद चुनाव लड़ेंगे, जबकि संयुक्त सचिव पद के लिए कोई उम्मीदवार नहीं उतारा गया है। छह और नौ सितंबर को आम सभा होगी। उल्लेखनीय है कि 11 सितंबर को रात 9 बजे से जेएनयू में प्रेजिडेंशियल डिबेट का आयोजन होगा।
