हादसे में एक की मौत, चार घायल

हादसे में एक की मौत, चार घायल
भोजनगर (सोलन)। मंगलवार सुबह 10 बजे भोजनगर से दो किलोमीटर दूर कालथ मार्ग पर एक टिप्पर पलटने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनमें से दो गंभीर घायलों को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। जबकि घायल सोलन अस्पताल में उपचाराधीन हैं। हादसे के बाद टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया। टिप्पर में कुल छह लोग सवार थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टिप्पर नंबर (एचपी 64-4955) सुबह करीब दस बजे भोजनगर से बनासर की ओर जा रहा था। जब टिप्पर कालथ गांव के समीप पहुंचा तो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गया। जिससे मौके पर एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमर सिंह (62) गांव कुथड़ डाकघर भोजनगर तहसील व जिला सोलन के रूप में हुई है। इसके अतिरिक्त चार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनमें अमरनाथ गांव बड़ोग डाकघर प्राथा, चुन्नीलाल निवासी गांव व डाकघर प्राथा, नंदलाल गांव मोहरी डाकघर प्राथा तहसील व जिला सोलन और शत्रुघन निवासी गांव गरावा डाकघर कंगबोला निवासी उड़ीसा शामिल हैं। इनमें से चार घायल सोलन अस्पताल में उपचारधीन हैं और दो गंभीर घायलों अमर नाथ और शत्रुघन को पीजीआई रेफर कर दिया गया है। इस संबंध में भोजनगर पुलिस चौकी के प्रभारी नेकराम ने बताया कि पुलिस ने चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है। दो घायलों को पीजीआई रेफर कर दिया गया है।

Related posts