ऑफिस से नदारद मिले बीईईओ, वरिष्ठ सहायक

शिमला। ठियोग खंड शिक्षा अधिकारी के ऑफिस से कर्मचारियों के गायब रहने की शिकायत पर मंगलवार को एलीमेंटरी उप निदेशक टीसी वर्मा ने टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। ऑफिस में कर्मचारी तो थे पर खुद बीईईओ और एक वरिष्ठ सहायक नदारद मिले। हाजिरी रजिस्टर खंगाला तो दोनों के कॉलम खाली मिले। उप निदेशक ने दोनों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया है।
उपनिदेशक ने टीम सदस्यों हरजीत और जय भारत के साथ बीआरसी एलीमेंटरी, मतियाना शिक्षा खंड कार्यालय, ठियोग प्राथमिक पाठशाला और मतियाना प्राथमिक पाठशाला का भी औचक निरीक्षण किया। यहां मिड डे मील और हाजिरी का रिकार्ड खंगाला गया। वर्मा ने कहा कि बीईईओ और वरिष्ठ सहायक को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। जवाब संतोषजनक न मिला तो विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Related posts