
पधर (मंडी)। 20 भादो पर पधर क्षेत्र की हिमरी गंगा में पवित्र स्नान के लिए हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही आस्था की डुबकी के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। दोपहर तक स्नान करने के लिए भारी भीड़ दिखाई दी। मां हिमरी गंगा नि:संतान को संतान सुख की प्राप्ति देती है।
संतान सुख प्राप्ति के लिए मां की ममता किस कद्र पिघल जाती है, ऐसे अनेकों दृश्य भादो बीस को हिमरी गंगा मां के सरोवर के पास देखने को मिले। संतान सुख प्राप्ति के लिए महिलाओं ने दाढ़ू, फूल और अखरोट हिमरी गंगा के सरोवर में फेंके और पानी में अपना दामन फैलाकर संतान सुख प्राप्ति की मन्नत मांगी। सरोवर में स्वयं द्वारा फेंके गए फूल, अखरोट और दाढ़ू पानी में तैरते हुए महिला के दामन में आ जाएं तो उसे मां के आशीर्वाद से अवश्य संतान सुख प्राप्ति होती है। बीस भादो के दिन यहां ऐसे अनेकों दंपति जातर लेकर मन्नत चढ़ाने मां के दरबार में पहुंचे।
मेला स्थल से गायब रही दुकानें
हिमरी गंगा में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला कमेटी के फरमान से मेला स्थल और सड़क के किनारे सजने वाली दुकानों के लिए पंचायत घर और स्कूल परिसर के पास व्यवस्था की थी। इससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली।
