तीन माह से नहीं मिला सस्ता राशन

सरकाघाट (मंडी)। सधोट पंचायत के रोसो गांव में सार्वजनिक वितरण प्रणाली मजाक बन कर रह गई है। लोगों को सस्ते राशन के डिपो से गेहूं, चावल, दालें, तेल और चीनी पिछले तीन माह से नहीं मिल रही है। गांव में सस्ते राशन का एकमात्र डिपो है। स्थानीय निवासी आरएस वर्मा, कश्मीर सिंह, केहर सिंह, बख्शीराम, दुनीचंद, भूप सिंह, आत्मा राम, प्रताप सिंह, ध्यान चंद, विधिचंद, बांका राम और सुरेंद्र कुमार आदि का कहना है कि जब भी वे राशन के डिपो में जाते हैं तो उन्हें बैरंग लौटा दिया जाता है। पिछले तीन माह से खाद्यान्नों की आपूर्ति नहीं हो रही है। गांववासियों ने चेतावनी दी है कि यदि इस माह पिछले कोटे सहित आपूर्ति नहीं हुई तो वे एसडीएम सरकाघाट का दरवाजा खटखटाएंगे। इधर, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक पंकज शर्मा का कहना है कि बरसात की वजह से रोसों गांव की सड़क बंद होने की संभावना को देखते हुए जून से अगस्त तक तीन माह के राशन की आपूर्ति की गई है। इसके बावजूद अगर लोगों की शिकायत सही पाई गई तो डिपो होल्डर के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts