150 रुपये लेने के लिए पहले 500 रुपये दो!

पालमपुर (कांगड़ा)। सरकारी स्कूलों में मिलने वाली अनुदान राशि अब छात्रों के लिए परेशानी बन गई है। 150 रुपये की अनुदान राशि लेने के लिए छात्रों को 500 रुपये का खाता खुलवाना पड़ रहा है। इससे अभिभावकों में रोष है। अब सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले अनुदान को लेने के लिए कई अभिभावकों ने तो मना कर दिया है। स्कूलों में यह अनुदान गरीबी रेखा से नीचे रह रहे लोगों, एससी, एसटी व ओबीसी के पहली श्रेणी से जमा दो तक के बच्चों को मिलता है। अनुदान लेने के लिए बैंकों में खाते खोले जा रहे हैं लेकिन बैंकों में खुल रहे खातों को लेकर अभिभावकों में रोष पनपने लगा है। अभिभावकों की मानें तो बैंकों में 500 रुपये से नीचे खाता नहीं खोला जा रहा है जबकि उन्हें पूरे साल में 150 रुपये मिलेंगे। हालांकि, कई श्रेणियों में यह पैसा 450 रुपये तक भी मिलेगा जबकि शिक्षा विभाग के सूत्रों की मानें तो सरकार के आदेशों के मुताबिक बैंक को जीरो बैलेंस से खाता खोलना होता है लेकिन कई बैंक 500 रुपये से नीचे खाता खोलने को तैयार ही नहीं हैं। अभिभावकों चतर सिंह, विपिन कुमार, रवि कुमार, देशराज, स्वर्णा, केहर सिंह, माधो राम, प्रवीण कुमार और सरवन सिंह समेत कई लोगों का कहना है कि जब वह पालमपुर के एक बैंक में खाता खुलवाने गए तो वहां कहा गया कि 500 रुपये से नीचे खाता नहीं खुलेगा। ऐसे में उन्हें क्या लाभ होगा। उन्हें पैसा मिलेगा 150 रुपये और खाता खुलेगा 500 में। इससे तो वे बिना अनुदान के ही ठीक हैं।
भारतीय स्टेट बैंक पालमपुर के मुख्य प्रबंधक प्यार चंद ने कहा कि कई बैंकों ने खाता खोलने की अपनी सीमाएं निर्धारित की हैं लेकिन बैंक में जीरो बैलेंस से भी खाता खोला जाता है। इसके लिए किसी को मजबूर नहीं किया जा सकता।
शिक्षा विभाग के उप निदेशक भजन सिंह का कहना है कि इस योजना के तहत अनुदान राशि लेने के लिए छात्रों का बैंक में खाता खुलवाना जरूरी है।

Related posts