बीओडी के लिए होगा तिकोना मुकाबला

नूरपुर (कांगड़ा)। कांगड़ा सेंट्रल कोआपरेटिव बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर पद के चुनाव को लेकर अंदरखाते सियासी जोड़तोड़ तेज हो गया है। नूरपुर जोन से केसीसी बैंक के निवर्तमान डायरेक्टर करनैल सिंह राणा के अलावा पूर्व डायरेक्टर सुदर्शन महाजन सहित जवाली बेल्ट से रशपाल सिंह चुनाव मैदान में हैं, लेकिन नूरपुर जोन से डायरेक्टर की हॉट सीट के लिए मुख्य मुकाबला पुराने धुरंधरों के बीच होने के आसार है। वर्तमान में नूरपुर जोन से निदेशक पद पर काबिज करनैल राणा पिछले कई सालों से सहकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। वर्ष 2008 में पिछले चुनाव में करनैल राणा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी केसीसी बैंक के तत्कालीन डायरेक्टर मनोज पठानिया को कड़े मुकाबले में मात्र 3 वोटों के अंतर से हराकर निदेशक पद पर कब्जा जमाया था।
इस चुनाव में पूर्व निदेशक सुदर्शन महाजन 24 वोट लेकर तीसरे और भाजपा समर्थित कोटला बेल्ट से युवा नेता अभिजीत जंबाल 14 वोट लेकर चौथे स्थान पर रहे थे। इस मर्तबा मनोज पठानिया और अभिजीत जंबाल चुनाव मैदान में नहीं हैं। बहरहाल, नूरपुर जोन से केसीसी बैंक के डायरेक्टर पद पर कौन काबिज होता है, इसका फैसला 7 सितंबर को होने वाले चुनाव में सहकारी सभाओं के 91 मतदाताओं के हाथ में है।

Related posts