
धर्मशाला। पर्यटन नगरी धर्मशाला के इंद्रहार में लापता हुए फ्रांसीसी युवकों की तलाश के लिए मास हंट टीम का गठन किया जाएगा है।
स्थानीय खोजी दस्ता भी लापता विदेशी ट्रैकराें की तलाश जारी रखेगा। इंद्रहार की पहाड़ियों में धुंध ज्यादा होने के कारण हेलीकाप्टर के माध्यम से लापता ट्रैकराें की तलाश में करने में दिक्कत पेश आ रही है। ऐसे में अब मास हंट की खोजी टीम भी इंद्रहार के लिए रवाना होगी। इसके लिए पुलिस विभाग, होमगार्ड और स्थानीय लोग लापता ट्रैकरों की तलाश करने जाएंगे। पुलिस विभाग दक्ष अधिकारियों को अभियान पर भेजेगा। होमगार्ड से भी अधिकारियों को टीम में शामिल किया जाएगा। ऐसे स्थानीय लोग जो इंद्रहार की पहाड़ियों की अच्छी जानकारी रखते हैं, इन्हें भी अभियान पर भेजा जाएगा। दोनों विभाग टीम के गठन के लिए अधिकारियों का चयन कर रहे हैं।
मैकलोडगंज का स्थानीय खोजी दस्ता भी इंद्रहार की पहाड़ियों में लापता युवाआें की तलाश कर रहा है। लापता युवाओं का पता बताने वाले के लिए एक लाख रुपये इनाम की भी घोषणा कर रखी है। फ्रांसीसी युवक 20 अगस्त को इंद्रहार में लापता हो गए थे। 15 दिन बीतने के बाद भी इनका कोई अता-पता नहीं है। अब इनकी खोज की जिम्मेदारी मास हंट टीम के हवाले रहेगी। डीएसपी हितेश लखनपाल ने बताया कि मास हंट टीम में पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय लोग शामिल किए जाएंगे। जल्द ही टीम इंद्रहार के लिए रवाना होगी।
