डाकघर शिफ्ट करने को लेकर ग्रामीण उग्र

धर्मशाला/नूरपुर। उपमंडल नूरपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत ठेहड़ के कुखेहड़ में चल रहे डाकघर की शिफ्टिंग को लेकर विरोध के स्वर उठने शुरू हो गए हैं। वहीं, डाक विभाग ने एक दशक से चल रहे डाकघर को कुखेहड़ से ठेहड़ में शिफ्ट करने की कवायद शुरू कर दी है। इसके पीछे डाक विभाग का तर्क है कि स्थानीय ठेहड़ पंचायत ने प्रस्ताव शिफ्ट करने के लिए भेजा है। इस कारण 7 सितंबर को डाकघर को शिफ्ट किया जाएगा। वहीं, पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि पंचायत की ओर से कोई भी प्रस्ताव डाक विभाग को नहीं भेजा गया है। अब डाक विभाग और पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली से स्थानीय लोग भड़क गए हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर डाकघर यहां से शिफ्ट होगा तो डाक विभाग का घेराव किया जाएगा। डाकघर ठेहड़ से शिफ्ट होने से केवल ठेहड़ गांव के लोगों को लाभ मिलेगा बाक ीदर्जनों गांवाें की जनता को दो किलोमीटर का सफर तय कर अपना काम करवाना होगा। कुखेहड़ में डाकघर से गांव सिंबली, उखली, कोहला तडियाल, जंवालबंद, तलेह, कुट सहित दर्जनों गांवों के लोगों को काम करवाने में सुविधा मिल रही है। ग्रामीणों गिरधारी, रतन चंद, श्रीदेवी, केसरी देवी, चैन सिंह, जोगिंद्र सिंह, सोहन सिंह, बलदेव, मेहर सिंह, राजेंद्र सिंह, हरिया राम, कृष्ण, सावित्री, तरसेम सिंह, राजेंद्र सिंह, रमेश कुमार ने कहा कि अगर डाकघर को ठेहड़ में शिफ्ट किया गया तो विभाग का घेराव किया जाएगा। ग्राम पंचायत ठेहड़ के उप प्रधान सूरत सिंह ने बताया कि पंचायत ने डाकघर शिफ्ट करने को लेकर प्रस्ताव डाक विभाग को नहीं भेजा है।
डाक विभाग के अधीक्षक डीएस कपूर ने बताया कि पंचायत की ओर से उन्हें प्रस्ताव मिला है। इसमें स्पष्ट लिखा गया है कि डाकघर को कुखेहड़ से ठेहड़ में शिफ्ट किया जाए। प्रस्ताव मिलने के बाद ही विभाग डाकघर को शिफ्ट कर रहा है।

Related posts