
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में डाक्टरों की कमी का खामियाजा भुगत रहे मरीजों को जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग ने जिला रेडक्रास सोसाइटी से मिलकर निजी प्रेक्टिस कर रहे विशेषज्ञों को हायर करने की योजना तैयार की है। इसके लिए जिला रेडक्रास सोसाइटी ने निजी अस्पतालों में प्रैक्टिस कर रहे विशेषज्ञों को पत्र भी भेजे हैं। जिला रेडक्रास सोसाइटी के अध्यक्ष एवं डीसी राकेश कंवर ने बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं के लिए निजी अस्पतालों से डाक्टर हायर किए जाएंगे। इन डाक्टरों का खर्च जिला रेडक्रास सोसाइटी उठाएगी।
जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के चिल्ड्रन विभाग में कोई भी विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं है। इसके अलावा अस्पताल का मेडिसन विभाग भी एक विशेषज्ञ के सहारे है। अस्पताल के गायनी वार्ड के भी कुछ ऐसे ही हाल हैं। यहां पर भी एकमात्र विशेषज्ञ है। इसके अलावा क्षेत्रीय अस्पताल में एनेस्थीसिया का विशेषज्ञ भी करीब तीन वर्षों से नहीं है। आलम यह है कि अस्पताल में ऑपरेशन से पहले मरीज को बेहोश करने के लिए निजी अस्पताल से विशेषज्ञ मंगवाना पड़ता है।
क्षेत्रीय अस्पताल के एसएमओ डा. कमल कपूर ने बताया कि जिला रेडक्रास सोसाइटी के माध्यम से अब क्षेत्रीय अस्पताल में डाक्टरों को निजी अस्पतालों से हायर किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिले के करीब तीन निजी अस्पतालों में प्रेक्टिस कर रहे विशेषज्ञों को पत्र भेजे हैं। शीघ्र ही अस्पताल में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। बताया कि अस्पताल में स्थाई विशेषज्ञों की नियुक्ति न होने पर यह सेवाएं ली जा रही हैं।
