गुस्साए परिजनों ने लगाया स्कूल के बाहर जाम

कपूरथला: कपूरथला-जालंधर मार्ग पर स्थित बाबा लालवानी पब्लिक स्कूल के कथित ट्रांसपोर्ट विभाग के कार्य के चलते बच्चों के समय पर घर न पहुंचने से गुस्साएअभिभावकों ने जालंधर मार्ग को कुछ समय के लिए अवरुद्ध कर दिया। इससे इस मार्ग पर आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाद में मौके पर पहुंचे डी.एस.पी. सब-डिवीजन तथा एस.एच.ओ. सदर ने मामले को शांत कर जाम को खुलवा दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाईपास चौक के नजदीक बाबा लालवानी पब्लिक स्कूल के बाहर खड़े बच्चों के अभिभावकों ने बताया कि स्कूल का ट्रांसपोर्ट विभाग उनसे उनके बच्चों को घर से ले जाने तथा छोडऩे की अलग फीस लेता है, जो काफी अधिक है। इसके बावजूद हमारे बच्चे घर समय पर नहीं पहुंचते। आज जब छुट्टी के काफी समय बाद भी हमारे बच्चे घर नहीं पहुंचे तो हमें मजबूरन स्कूल में आना पड़ा।

अभिभावकों ने बताया कि ट्रांसपोर्ट विभाग के बच्चों को लाने, लेकर जाने वाले वाहनों को जिला ट्रांसपोर्ट विभाग कपूरथला द्वारा पकड़ लिया गया था, क्योंकि उनके पास वाहनों के कागजात पूरे नहीं हैं। इससे वाहन न होने के कारण बच्चों को घर नहीं छोड़ा गया। सभी बच्चों को भीषण गर्मी के चलते स्कूल के अंदर रखा गया था जबकि काफी पहले स्कूल का समय खत्म हो चुका था।

गुस्से में आए अभिभावकों ने स्कूल के बाहर आने-जाने वाले वाहनों को रोकना शुरू कर दिया, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे डी.एस.पी. सब-डिवीजन बलविन्द्र सिंह सेखों, एस.एच.ओ. सदर सुक्खा सिंह ने मामले को शांत करवाते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाया कि वे इस बात के लिए स्कूल प्रशासन से बात करें न कि आने-जाने वाले लोगों को परेशान करें।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि स्कूल ट्रांसपोर्ट विभाग की कथित लापरवाही के चलते बच्चों को काफी परेशानियां हो रही हैं। इसकी स्कूल मैनेजमैंट द्वारा कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस पर प्रदर्शनकारी गेट खुलवाकर बातचीत के लिए चले गए। प्रिंसीपल छुट्टी पर होने के कारण यह मामला दूसरे दिन के लिए टाल दिया गया।

इस संबंध में जब जिला ट्रांसपोर्ट विभाग के अधिकारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि बाबा लालवानी पब्लिक स्कूल के ट्रांसपोर्ट विभाग के पास जो बसें हैं, उन पर जिला ट्रांसपोर्ट विभाग का काफी टैक्स बकाया चल रहा है। उनमें से कुछ बसों की तो रजिस्ट्रेशन भी नहीं करवाई गई, परमिट भी नहीं है इसलिए विभाग द्वारा 2 बसों को अधूरे कागजातों के चलते पकड़ा गया है।

Related posts