
हरिद्वार। उग्र वामपंथी विचारधारा से प्रेरित अल्मोड़ा निवासी जेएनयू का छात्र हेम मिश्रा हरिद्वार जेल में बंद हार्डकोर वामपंथी प्रशांत राही और अनिल चौड़ाकोटी से मिलने आता था। प्रशांत राही और अनिल चौड़ाकोटी दोनों हरिद्वार जेल में वर्ष 2009 से 2011 के बीच बंद थे। इस दौरान हेम मिश्रा कई बार हरिद्वार मुलाकात करने आया था।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक अल्मोड़ा निवासी हेम मिश्रा के प्रशांत राही और दूसरे हार्डकोर वामपंथियों से रिश्ते नए नहीं हैं। हेम मिश्रा जिला कारागार में बंद रहे प्रशांत राही और अनिल चौड़ाकोटी से मुलाकात करने आया करता था। अनिल चौड़ाकोटी वर्ष 2009 से 2011 तक हरिद्वार जेल में रहा। जबकि, प्रशांत राही वर्ष 2011 के आखिरी दौर में हरिद्वार लाया गया था। प्रशांत राही और उनकी पत्नी को वर्ष 2008 में हल्द्वानी से गिरफ्तार किया गया था। दोनों पर माओवादी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप था। हाल ही में जेएनयू के छात्र हेम मिश्रा को गढ़चिरौली में महाराष्ट्र पुलिस ने गिरफ्तार किया था। हेम मिश्रा से मिले सुरागों के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने प्रशांत राही को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रशांत राही सहित दूसरे माओवादी विचारकों से हेम मिश्रा की मुलाकात हल्द्वानी से ही हो गई थी। तभी से हम मिश्रा हार्डकोर वामपंथ की ओर झुकने लगा था। हेम मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद खुफिया विभाग हरिद्वार जनपद के हार्डकोर कम्प्युनिस्टों की भी कुंडली खंगाल रही है।
