
बागेश्वर। रीमा पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत किड़ई गांव में अवकाश पर आए ग्रिफ के सूबेदार की निर्माणाधीन मकान की छत से गिर जाने के कारण मौत हो गई। शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। हादसे के बाद घर पर कोहराम मचा है।
ग्रामीणों के अनुसार किड़ई निवासी 47 वर्षीय विष्णु सिंह चौहान पुत्र खुशहाल सिंह चौहान ग्रिफ में सूबेदार पद पर कार्यरत थे। गत दिनों वह अवकाश पर घर आए। यहां उनका तीन मंजिला मकान बन रहा था। सोमवार को वह निर्माणाधीन मकान की छत पर गए थे। वहां से अचानक उनका पैर फिसल गया और वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हेें जिला अस्पताल लाया गया। यहां से उन्हें हल्द्वानी रेफर किया गया। किंतु रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के मामा नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि वह अपने पीछे पत्नी हीरा देवी, 18 वर्षीय पुत्र कवींद्र, 16 वर्षीय पुत्र विजय और 14 वर्षीया मीना को छोड़ गए हैं। जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया।
