
झूलाघाट। एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) की 55वीं वाहिनी ने रात्रि गश्त के दौरान काली नदी के रास्ते अवैध तरीके से भारत लाई जा रही 20 पेटी नेपाली सिगरेट पकड़ी है। पकड़े गए माल की कीमत भारतीय बाजार में 2.40 लाख रुपये आंकी गई है। तस्करी करने वाले अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल फरार हो गए।
झूलाघाट से पांच किलोमीटर दून सिमपानी नामक स्थान गश्त के दौरान एसएसबी के जवानों को नेपाल की ओर से नदी पार करते हुए कुछ लोग दिखाई दिए। वाहिनी के निरीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि जब एसएसबी ने इन लोगों से बात करनी चाही तो वे अपना सामान छोड़कर वहां से फरार हो गए। बताया कि नेपाल से भारत आने का केवल एकमात्र जरिया झूलापुल है। उसके बाद भी लोग चोरी-छिपे नदी के रास्ते भारत में घुसने का प्रयास करते हैं। इसी को देखते हुए एसएसबी लगातार सीमा क्षेत्र में गश्त दे रही है। बताया कि सिगरेट की तस्करी में लिप्त लोगों की तलाश की जा रही है। इस मौके पर वाहिनी के अनिल पांडे, पूरन सिंह, अकरम, अभिजीत वर्मन, संजीव कुमार आदि मौजूद थे।
