
काशीपुर। गदरपुर के भाजपा विधायक ने मंगलवार को यहां मारपीट के एक पुराने मामले में कोर्ट में सरेंडर किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट मुकेश चंद्र आर्य की अदालत ने विधायक को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
भाजपा विधायक अरविंद पांडे के अधिवक्ता राजेश पांडे ने बताया कि 30 नवंबर 2011 में चीनी मिल बाजपुर के पेराई सत्र के शुभारंभ पर वादी सुरेंद्र कुमार ने विधायक के खिलाफ जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर मारपीट करने का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 323, 506, 3 (1) और एससी/एसटी एक्ट के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया था। नौ आरोपी फिलहाल जमानत पर हैं। कोर्ट ने विधायक को 3 सितंबर तक कोर्ट में पेश होने का नोटिस जारी किया था। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे विधायक ने कोर्ट में सरेंडर किया। जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में विधायक समर्थक अदालत परिसर में मौजूद रहे। वहीं विधायक अरविंद पांडे ने इसे कांग्रेस सरकार की साजिश करार दिया। उनका कहना था कि पेराई सत्र के शुभारंभ पर वह बतौर मुख्य अतिथि वहां मौजूद थे। इस दौरान पीसीएस रैंक के तीन तथा पीपीएस रैंक के एक अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान कुछ लोगों ने हवन के दौरान अराजकता फैलाई। इस मामले में प्रशासन ने पहले उन्हें क्लीन चिट दे दी। लेकिन कांग्रेस सरकार आने के बाद साजिशन मामले को तूल दे दिया गया।
