शुरू हुई नगर को सुरक्षित करने की कवायद

उत्तरकाशी। नगर एवं आसपास के कस्बों को सुरक्षित करने की कवायद फिर शुरू होने लगी है। मंगलवार को सिंचाई विभाग के अधिकारियों की टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार 15 अक्तूबर तक प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया जाएगा, लेकिन सुरक्षा कार्य कब तक शुरू होंगे इस बारे में वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं देे पा रहे हैं।
सिंचाई विभाग के विभागाध्यक्ष बीके टम्टा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने ज्ञानसू, जोशियाड़ा, नगर क्षेत्र, गंगोरी आदि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में विभागाध्यक्ष ने कहा कि नगर व आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने के लिए ठोस योजना बनाई जा रही है। इसमें पक्की दीवारों के साथ ही अन्य कार्य शामिल होंगे। उत्तरकाशी से लेकर गंगोरी तक नदी के दोनों ओर 6 किलोमीटर क्षेत्र में सुरक्षा कार्य होंगे। नगर के जिन क्षेत्रों में नदी का कटाव तेज है, वहां विशेष कार्य करने की कोशिश की जा रही है, ताकि नदी की जलधारा बीच में आ सके। कहा कि नए सुरक्षा कार्यों का 15 अक्तूबर तक प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया जाएगा। इसके बाद बजट मिलते ही कार्य शुरू किए जाएंगे लेकिन यह कार्य कब तक शुरू होंगे इस पर उन्होंने चुप्पी साध ली। इतना जरूर कहा कि अनुबंधित पुराने कार्य जल्द शुरू कर दिए जाएंगे। यह कार्य मार्च 2014 तक पूरे कर दिए जाएंगे। टीम में मुख्य अभियंता डीपी जुगरान, एससी आरसी सक्सेना, आर.चालीस गांवकर, जयपाल सिंह, ईई. संजयराज, चंद्रशेखर सिंह, एई राजीव गोस्वामी शामिल रहे।

Related posts