अभिलेखों की जांच रेगुलर पुलिस से कराई जाए

अल्मोड़ा। कटारमल क्षेत्र के लोगों ने भू-अभिलेखों की जांच राजस्व पुलिस से हटाकर नियमित पुलिस से कराने की मांग उठाई है।
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता हरीश सिंह बिष्ट और अन्य ग्रामीणों ने कहा है कि उच्च न्यायालय के निर्देश पर प्रशासन द्वारा भू अभिलेखों की जांच कराई गई। जांच में नौ लोग दोषी पाए गए। दोषियों के खिलाफ राजस्व पुलिस में मामला दर्ज है। कई अन्य मामलों की जांच होना अभी शेष है। उन्होंने कहा है कि कटारमल के राजस्व उप निरीक्षक ने उपजिलाधिकारी को दिए पत्र में कहा है कि इस मामले में राजस्व विभाग के कुछ उच्चाधिकारी कर्मचारियों की संलिप्तता है। इसलिए इस मामले में उनके स्तर से जांच किया जाना न्याय हित में उचित नहीं है। ग्रामीणों ने मामले की जांच राजस्व पुलिस के बजाए रेगुलर पुलिस से कराने की मांग की है।
मालूम हो कि कटारमल क्षेत्र के लोगों ने गांव के कुछ लोगों और राजस्व विभाग पर खातेदारों के भू अभिलेखों में छेड़छाड़ कर सैकड़ों नाली भूमि अन्य खातों में दर्ज करने की शिकायत की थी।

Related posts