
नई दिल्ली। गोविंदपुरी में रविदास मार्ग पर मंगलवार दोपहर डीटीसी बस ने नौंवी कक्षा के छात्र को कुचल दिया। उसको अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे से गुस्साए छात्रों ने डीटीसी व जेजे क्लस्टर बसों में जमकर तोड़फोड़ की और कुछ बसों में आग लगाने का प्रयास किया। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. पी. करुणाकरन ने बताया कि डीटीसी बस के ड्राइवर जुबेर खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल व रविदास मार्ग पर देर रात तक भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात रहा। पुलिस के अनुसार, गली नंबर-16 संगम विहार में रहने वाला हरी सागर तुगलकाबाद स्थित सरकारी स्कूल नंबर-तीन में पढ़ता था। मंगलवार दोपहर को जब हरी स्कूल जाने के लिए रविदास मार्ग मोड़ पर सड़क पार कर रहा था तो तेज रफ्तार से आ रही डीटीसी बस ने उसे कुचल दिया। हरी को बत्रा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद छात्रों ने रविदास मार्ग पर आने-जाने वाली डीटीसी बसों को निशाना बनाया। जिला उपायुक्त के अनुसार, छात्रों ने करीब 16 डीटीसी बसों और एक इनोवा में तोड़फोड़ की है। हालांकि, उपद्रवियों ने बसों में तोड़फोड़ करने से पहले यात्रियों को उतार दिया था। इसके बाद ओखला, संगम विहार, बदरपुर, पुल प्रहलादपुर, कालकाजी, अंबेडकर नगर आदि थानों की पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर छात्रों को खदेड़ा। यह बवाल साढ़े बारह बजे से दोपहर करीब तीन बजे तक चलता रहा।
19 सितंबर को है जन्मदिन
हरी सागर का 19 सितंबर को जन्मदिन है। उसके पिता जय नारायण सागर ने बताया कि वह जन्मदिन को लेकर बहुत उत्साहित था। जय नारायण का एक बड़ा बेटा और एक बेटी है।
इलाके में लगा जबरदस्त जाम
बवाल के कारण रविदास मार्ग पर जाम लग गया। रविदास मार्ग के जाम लगने से कालकाजी, ओखला, अलकनंदा, एमबी रोड, संगम विहार आदि जगहों पर भी ट्रैफिक रुक गया। देर शाम जाकर ही ट्रैफिक सुचारू हो पाया।
