
नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव के अखाड़े में उतरने के लिए कांग्रेस नेताओं ने धमा चौकड़ी शुरू कर दी है। जिलाध्यक्ष टिकटों की कतार में खड़े हैं। चौदह में से दो जिलाध्यक्ष पहले से विधायक हैं। एक पिछली बार हार चुके हैं। तीन जिलाध्यक्ष ऐसे हैं, जो 2012 में निगम चुनाव हार चुके हैं। सभी फिर से दंगल में कूदने के लिए ताल ठोंक रहे हैं। निगम व पिछले विधानसभा चुनाव में हारने वालों को मौका मिलेगा या नहीं, यह आलाकमान को तय करना है। नई दिल्ली जिलाध्यक्ष नीरज बसोया कस्तूरबा नगर से और करावल नगर के अध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह तिमारपुर से विधायक हैं। दोनों इन्हीं सीटों से टिकट के दावेदार हैं। करोल बाग जिलाध्यक्ष मदनलाल खोरवाल को 2008 चुनाव में करोल बाग से प्रत्याशी बनाया गया था, लेकिन 3400 मतों से भाजपा के एसपी रातावाल ने हरा दिया था। इस बार फिर वहीं से टिकट मांग रहे हैं।
बाबरपुर की जिलाध्यक्ष रजिया सुल्ताना, कृष्णा नगर के जिलाध्यक्ष अजीत चौधरी, नजफगढ़ के जिलाध्यक्ष जयकिशन शर्मा को एमसीडी चुनाव 2012 में टिकट दिए गए, लेकिन ये तीनों कद्दावर नेता चुनाव हार गए थे। सूत्र बताते हैं अब रजिया सुल्ताना बाबरपुर से टिकट मांग रही हैं। यहां कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही थी। वहीं अजीत चौधरी वर्तमान विधायक डॉ. नरेंद्र नाथ या विपिन शर्मा का टिकट काटे जाने पर शाहदरा या रोहताश नगर से टिकट की दावेदारी ठोक रहे हैं। जयकिशन शर्मा नजफगढ़ सीट से दावेदारी कर रहे हैं। यहां से इंडियन लोकदल के विधायक भरत सिंह ने कांग्रेस के प्रत्याशी को करीब 18,000मतों से पराजित किया था।
उत्तरी एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष और आदर्श नगर के जिलाध्यक्ष मुकेश गोयल पूर्व मंत्री मंगत राम सिंघल की सीट पर टिकट मांग रहे हैं। चांदनी चौक के जिलाध्यक्ष मिर्जा जावेद अली मटिया महल से दावेदार हैं। हालांकि यहां से शोएब इकबाल विधायक हैं, जिन्हें कांग्रेस में लाने की तैयारी भी चल रही है।
कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि पटपड़गंज के जिलाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह रावत यहां से कांग्रेस के ही विधायक अनिल कुमार की जगह टिकट मांग रहे हैं। रोहिणी के जिलाध्यक्ष इंद्रजीत किराड़ी से कतार में हैं। किराड़ी जिलाध्यक्ष साधुराम मित्तल और महरौली जिलाध्यक्ष रणजीत यादव अभी चुप हैं। तिलक नगर के जिलाध्यक्ष पीएस बावा भाजपा के गढ़ तिलक नगर से मैदान में उतरने को तैयार हैं तो बदरपुर के जिलाध्यक्ष व सांसद सज्जन कुमार के बेटे संगम विहार व किराड़ी से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
